भास्कर न्यूज | चिरमिरी एसईसीएल बिलासपुर के वसंत क्लब में हाल ही में श्रद्धा महिला मंडल का 20वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह में सम्पदा महिला समिति चिरमिरी ने अपनी सेवा और समर्पण का लोहा मनवाते हुए ओवरऑल प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। कार्यक्रम में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 200 महिलाओं ने हिस्सा लिया। सम्पदा महिला समिति चिरमिरी को समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास के क्षेत्र में उनके प्रभावशाली कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समिति ने दो प्रमुख श्रेणियों में बाजी मारी। इसमें सामाजिक कार्यों में निरंतरता और सेवा भावना के लिए ओवरऑल प्रथम पुरस्कार और कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के लिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रथम स्थान शामिल है। समिति की सफलता में उनके नेतृत्व का विशेष योगदान रहा। चिरमिरी की अध्यक्षा बबीता कुमार को उनकी उत्कृष्ट संगठनात्मक क्षमता और कुशल मार्गदर्शन के लिए प्रेसिडेंट अवार्ड से नवाजा गया। साथ ही, समिति की सक्रिय सदस्य डॉ. अनुपमा दुबे और मीना सिंह चौहान को भी उनके निरंतर सहयोग के लिए उत्कृष्ट सदस्या पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन रहीं। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों (अनीता फ्रैंकलिन, इप्सिता दास, हसीना कुमार, विनीता जैन व शुभश्री महापात्र) के साथ मिलकर वार्षिक पत्रिका श्रद्धा संगिनी का विमोचन किया। श्रद्धा महिला मंडल अध्यक्षा शशि दुहन ने कहा कि श्रद्धा महिला मंडल की 20 वर्षों की यात्रा सेवा और समर्पण की मिसाल है। भविष्य में भी हमारा उद्देश्य महिलाओं के कल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखना है। समारोह के दौरान एक विशेष पीपीटी प्रस्तुति दी गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार, शिक्षा और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों को दिखाया गया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संपदा महिला समिति की पदाधिकारी और सदस्य।


