बूंदी में जैन मंदिरों से मूर्तियां चोरी:सकल जैन समाज ने पीएम-सीएम के नाम ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की

सकल जैन समाज बूंदी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर बूंदी जिले में जैन मंदिरों से हुई मूर्तियों और बहुमूल्य वस्तुओं की चोरी के मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समाज ने चोरों की गिरफ्तारी और चोरी की गई वस्तुओं की बरामदगी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम बड़ा नया गांव, तहसील हिण्डोली, जिला बूंदी में एक जैन मंदिर से अज्ञात चोरों ने प्रतिमाओं, चांदी के छत्र और अन्य वस्तुओं की चोरी की। सीसीटीवी फुटेज में चोर नजर आ रहे हैं, लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद न तो मूर्तियां बरामद हुई हैं और न ही चोर गिरफ्तार हुए हैं। इसी तरह कस्बा नैनवां स्थित नेमीनाथ मंदिर में भी चोरों ने मूर्तियां और बहुमूल्य वस्तुएं चुराईं। इस मामले में भी नैनवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन चोरों को पकड़ा नहीं जा सका है और न ही चोरी का सामान बरामद हुआ है। सकल जैन समाज बूंदी ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों और चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हो रहे हैं। जिनालयों में गंभीर वारदातें होने से जैन समाज में अत्यधिक आक्रोश है। समाज ने ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया है कि दोनों घटनाओं के चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी की गई मूर्तियां व वस्तुएं बरामद कर जैन समाज को सौंपी जाएं। इसके साथ ही, जिनालयों और जैन समाज के संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाकर उसका पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *