जोधपुर से बिलाड़ा के बीच रोजाना सफर करने वाले रेल यात्रियों को अगले करीब चार महीने तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने पटरियों के रखरखाव और नए निर्माण कार्यों के चलते जोधपुर-बिलाड़ा पैसेंजर ट्रेन को 110 दिनों के लिए आंशिक रूप से रद्द करने का फैसला किया है। 22 जनवरी से यह ट्रेन बिलाड़ा स्टेशन तक नहीं जाएगी, बल्कि पीपाड़ रोड तक ही संचालित होगी। पीपाड़ रोड-बिलाड़ा ट्रैक पर चल रहा काम उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया- पीपाड़ रोड-बिलाड़ा रेलखंड पर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का काम चल रहा है। यहां ट्रैक लिफ्टिंग, नए रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। इन तकनीकी कार्यों को पूरा करने के लिए 22 जनवरी से 11 मई तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। यह रहेगी संचालन की व्यवस्था ब्लॉक के कारण ट्रेनों का संचालन पीपाड़ रोड और बिलाड़ा के बीच पूरी तरह बंद रहेगा। इसका असर निम्नलिखित ट्रेनों पर पड़ेगा: जोधपुर-बिलाड़ा (54825): यह ट्रेन 22 जनवरी से 11 मई तक जोधपुर से रवाना होकर केवल पीपाड़ रोड स्टेशन तक ही जाएगी। पीपाड़ रोड से बिलाड़ा के बीच यह आंशिक रद्द रहेगी। बिलाड़ा-जोधपुर (54826): वापसी में यह ट्रेन 23 जनवरी से 12 मई तक बिलाड़ा से नहीं चलेगी। यह ट्रेन बिलाड़ा के बजाय पीपाड़ रोड स्टेशन से ही जोधपुर के लिए संचालित होगी। बिलाड़ा से पीपाड़ रोड के बीच यह रद्द रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा प्लान करते समय इस बदलाव का ध्यान रखें।


