चूना फाटक पर सीवर लीकेज बनी नासूर:सफाई के बाद भी समस्या बरकरार, दुकानदारों-रहवासियों को परेशानी

हनुमानगढ़ जंक्शन शहर के चूना फाटक क्षेत्र में सीवर चैंबर लीकेज की समस्या लगातार बनी हुई है। ठेकेदार द्वारा सफाई करवाए जाने के कुछ दिनों बाद ही गंदा पानी फिर से सड़क किनारे जमा हो जाता है, जिससे दुकानदारों और आमजन को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को सीवर चैंबर लीकेज की सूचना मिलने पर पूर्व वार्ड पार्षद सुरेश धमीजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को फोन पर इसकी जानकारी दी, जिसके बाद नगर परिषद के जेईएन ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया। पूर्व पार्षद सुरेश धमीजा के अनुसार, यह सीवर लीकेज की समस्या लगभग एक साल से चली आ रही है। सीवर के गंदे पानी से उठने वाली बदबू के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो गया है, जिससे दुकानदारों और रहवासियों का जीवन मुश्किल हो गया है। सड़क किनारे पानी भरने से रेहड़ी लगाने वालों को भी परेशानी हो रही है। धमीजा ने बताया कि नगर परिषद प्रशासक सहित अन्य अधिकारियों को समय-समय पर इस समस्या से अवगत कराया गया है। अधिकारियों द्वारा कई बार टीमें भेजकर समाधान भी किया गया, लेकिन कुछ समय बाद ही समस्या फिर से उत्पन्न हो जाती है, क्योंकि इसका कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार स्थानीय नहीं है और उसे इस क्षेत्र की जानकारी नहीं है। समस्या बताने पर सुपरवाइजर गाड़ी लेकर आते हैं, चैंबर खाली करते हैं और चले जाते हैं, लेकिन अगले ही दिन फिर वही स्थिति बन जाती है। दुकानदारों का कहना है कि अपनी दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *