भास्कर न्यूज | राजिम पंचकोशी परिक्रमा के अंतिम पड़ाव पर रविवार को राजिम में आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। तड़के करीब 5 बजे राजिम स्थित पद्म तालाब पहुंचे श्रद्धालुओं ने यहां डुबकी लगाई। इसके बाद तालाब की मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधिविधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। दीप जलाकर आरती उतारी गई और श्रद्धालु पद्मनेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां “हर हर महादेव” और “राम सिया राम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। रामधुनी मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु ताली बजाते और नृत्य करते नजर आए। हर उम्र के लोग शिवभक्ति में लीन दिखे। पंडित सिद्धेश्वरानंद महाराज के नेतृत्व में निकली इस पंचकोशी परिक्रमा में प्रदेशभर से करीब 2000 श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत पटेवा के पटेश्वरनाथ महादेव से हुई थी। इसके बाद चंपारण के चंपकेश्वरनाथ महादेव, बम्हनी के ब्रह्मकेश्वरनाथ महादेव, फिंगेश्वर के फणीश्वरनाथ महादेव, कोपरा के कोपेश्वरनाथ महादेव और लफंदी के अवघटनाथ महादेव में एक-एक रात विश्राम करते हुए यात्री रविवार की तड़के राजिम पहुंचे। लखौली आरंग के शंकर यादव, महेश यादव, नंदनी यादव और पिंकी यादव ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यात्रा कर रहे हैं। रायपुर के श्रीधर दीवान और मनीष तारक ने कहा कि उत्तर छत्तीसगढ़ में इस यात्रा का प्रचार होना चाहिए ताकि अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। मूड़तराई गांव के फूलेल वर्मा ने बताया कि शादी के 10 साल बाद भी संतान नहीं थी। पंचकोशी यात्रा करने के बाद शिव की कृपा से पुत्र प्राप्त हुआ। आज वे अपने बेटे के साथ यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले 24 वर्षों से लगातार इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं। त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर और लोमस ऋषि आश्रम में श्रद्धालु रुके हुए हैं। सोमवार को दर्शन-पूजन, यज्ञ पूर्णाहुति और भैरव पूजा के बाद यात्री अपने-अपने घरों को लौटेंगे। यात्रा के दौरान कई श्रद्धालुओं के पैरों में छाले पड़ गए हैं। एक युवती कठिनाई से चल रही थी, लेकिन शिव के प्रति श्रद्धा और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। राजिम पहुंचने पर हर श्रद्धालु के लिए चाय-नाश्ते और भोजन की व्यवस्था की गई। मोहल्लों में पोहा, चाय, बिस्किट, चावल-सब्जी बांटी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, सभापति भारत यादव, पार्षद अजय पटेल, कुलेश्वर साहू, उत्तम निषाद, लीलेश्वर यदु, प्रवीण पुष्पाकर, गज्जू ठाकुर, पवन सोनी, श्याम साहू, राजू साहू, गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित कई लोग सेवा में जुटे रहे।


