परवन सिंचाई परियोजना का काम जल्द पूरा करने की मांग:अकावद डैम का पानी अनकमांड क्षेत्र तक पहुंचाने को लेकर किसानों का प्रदर्शन

बारां में भारतीय किसान संघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने परवन सिंचाई परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने और अकावद डैम का पानी जिले के अनकमांड क्षेत्र तक पहुंचाने की मांग की। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष अमृतलाल छजावा ने बताया कि परवन सिंचाई परियोजना का कार्य लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसकी गति धीमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट की कमी और लापरवाही के कारण किसान अभी भी सिंचाई के लिए परेशान हैं। छजावा ने सरकार से तत्काल पर्याप्त बजट जारी कर परियोजना का काम तेज करने की मांग की, ताकि बारां जिले के अनकमांड क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शंकरलाल नागर ने किसानों की उपज का पूरा मूल्य नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को गेहूं की खरीद पर किसानों को बोनस देना चाहिए। नागर ने स्पष्ट किया कि यह एक दिन का सांकेतिक धरना है, लेकिन यदि सरकार ने उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया तो किसान आंदोलन को और उग्र करेंगे। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान संघ के पदाधिकारियों ने एक स्वर में सरकार से किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *