सीकर के खाटूश्यामजी थाना इलाके में शादी के नाम पर 3.10 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बंगाल की रहने वाली महिला ने उत्तर प्रदेश की महिला से 40 साल के युवक की शादी करवाई। शादी के 1 साल बाद महिला 2 लाख रुपए और जेवरात लेकर चली गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। खाटूश्यामजी पुलिस थाने में कोर्ट इस्तगासे से कैरपुरा निवासी शिवपाल ने मुकदमा दर्ज करवाया कि उसकी रितिका निवासी पश्चिम बंगाल से जान पहचान हुई थी। बातों ही बातों में उसने शिवपाल को पूछा कि तुम्हारी शादी हुई या नहीं,तो रितिका ने कहा कि मेरी एक रिश्तेदार है जो गरीब है। उनके एक लड़की और लड़का है। उनकी पढ़ाई के लिए आपको 3 लाख रुपए देने होंगे। शिवपाल ने भी अपने घर बसाने के हिसाब से हां कर दी। शिवपाल ने दो बार में रितिका को 3.10 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद रितिका ने 26 जुलाई 2024 को लक्ष्मी उर्फ उषा निवासी उत्तर प्रदेश के साथ शिवपाल का एग्रीमेंट बनवा दिया। उषा शिवपाल के गांव में आकर रहने लगी। इस दौरान वह अपने घर पर भी बातचीत किया करती थी। 1 अक्टूबर 2025 को उषा ने अपनी सहेली शिवपाली से बात की थी। तब उषा ने अपने पति शिवपाल को कहा कि उसकी दोस्त उससे मिलने के लिए रींगस स्टेशन आ रही है। उषा के कहने पर शिवपाल उसकी दोस्त को स्टेशन से घर पर लेकर आ गया। 2 नवंबर की रात को रात के खाने में उषा कोई नशीला पदार्थ मिला दिया था। 3 अक्टूबर की सुबह जब शिवपाल की आंखें खुली और जब वह कमरा खोलने के लिए बाहर गया तो कमरा बंद था। पड़ोस के लोगों ने बाहर से कमरे का लॉक खोला। जब शिवपाल ने अलमारी देखी तो उसमें रखे 2 लाख रुपए और जेवरात गायब मिले। साथ ही उषा और उसकी दोस्त शिवपाली वहां से फरार थी। इस तरह से रितिका,शिवपाली और उषा ने शादी के नाम पर शिवपाल से 3.10 लाख की ठगी कर ली।


