ग्लोबल राजस्थान एग्री-टेक मीट-2026 (GRAM-2026) की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए। शिविर आयोजित किए जाएंगे GRAM-2026 की तैयारियों के तहत प्रत्येक गिरदावर सर्किल में एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का शुभारंभ 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के अवसर पर होगा। यह अभियान कुल 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें 24, 25, 31 जनवरी तथा 1 और 5 से 9 फरवरी 2026 तक शिविर संचालित होंगे। शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इन शिविरों में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, ऊर्जा और उद्योग सहित सभी संबंधित विभागों की सहभागिता रहेगी। इसका उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। 23 जनवरी को होने वाले पहले शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री किसान निधि की डीबीटी प्रक्रिया एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित की जाएगी। संपर्क पोर्टल की शिकायतों के निर्देश दिए बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर फीडबैक लें और उसका रिकॉर्ड संधारित करें। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान, सभी राजकीय विद्यालयों में 22 निर्धारित पैरामीटर के आधार पर लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने, नियमित निरीक्षण करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। पालनहार योजना के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र समय पर जारी करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए, समाज कल्याण विभाग को सभी दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाने तथा पात्र पेंशन लाभार्थियों को सभी सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए। एलआर प्रभारी को शिविर को लेकर दिए निर्देश अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने एलआर प्रभारी को शिविरों का कैलेंडर तैयार कर सभी विभागों को सूचित करने तथा प्रतिदिन शिविर समाप्ति के बाद प्रगति रिपोर्ट ई-मेल से जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, पीएचईडी अभियंता धर्मवीर यादव, आईटी विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र त्यागी, सहायक निदेशक सहकारिता वेद प्रकाश सैनी, बिजली विभाग के सहायक अभियंता दिनेश भड़ाना, एसीएफ संजय चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


