रेल यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेल प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच एक विशेष सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04151/04152 कानपुर सेंट्रल–एलटीटी–कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस ट्रेन के चलने से पश्चिम मध्य रेल के सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी स्टेशनों के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। यह ट्रेन जबलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी। गाड़ी संख्या 04151 कानपुर सेंट्रल–एलटीटी स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को 30 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से दोपहर 1:00 बजे प्रस्थान करेगी और रात 9:05 बजे सतना, 10:20 बजे कटनी तथा रात 11:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी। अगले दिन यह तड़के 3:25 बजे इटारसी और शनिवार दोपहर 2:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 04152 एलटीटी–कानपुर सेंट्रल स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 31 जनवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। यह ट्रेन एलटीटी से शाम 5:15 बजे रवाना होकर दूसरे दिन रात 2:55 बजे इटारसी, सुबह 6:15 बजे जबलपुर, 7:25 बजे कटनी, 8:40 बजे सतना पहुंचते हुए रविवार दोपहर 3:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें 1 एसी-2 टियर, 4 एसी-3 टियर, 9 स्लीपर क्लास, 8 जनरल सेकेंड क्लास और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में फतेहपुर, सिराथू, भरवारी, प्रयागराज जंक्शन, डभौरा, सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल स्टेशनों पर रुकेगी। रेल प्रशासन के इस निर्णय से यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।


