रतलाम के चिकलाना में ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस अब मुख्य आरोपी और सरगना दिलावर खान के अन्य कारनामों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस ने सोमवार को गांव में कैंप लगाया, जिसमें दोपहर तक ही 8 शिकायतें सामने आ गईं। दिलावर के घर से जमीनों की 200 से 300 रजिस्ट्रियां और एग्रीमेंट मिले हैं, जो तीन बोरों में भरे हुए थे। आशंका है कि माफियागिरी कर उसने लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर और डरा-धमकाकर जमीनें हड़पी हैं। जांच के लिए पुलिस मंगलवार को कालूखेड़ा थाने में भी कैंप लगाएगी। टेंट वालों का पैसा खा गया, 10 साल से महिला की जमीन पर कब्जा ड्रग फैक्ट्री के सरगना दिलावर खान के खिलाफ सोमवार दोपहर तक पुलिस को 8 शिकायतें मिली हैं। इनमें ज्यादातर जमीन से जुड़ी हैं। आरोप है कि उसने लोगों से रुपए लेकर रजिस्ट्री नहीं कराई और जमीनों पर कब्जा कर लिया। एक महिला ने शिकायत की कि दिलावर ने 10 साल से उसकी जमीन दबा रखी है। दो टेंट व्यवसायियों ने बताया कि दिलावर ने बेटे की शादी में आलीशान टेंट लगवाया, लेकिन एक रुपया नहीं दिया। इसके अलावा रास्ता रोकने और अड़ीबाजी की शिकायतें भी मिली हैं। जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने बताया कि शिकायतों पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घर से मिली सस्पेंड SI की वर्दी और बेटे का फर्जी आर्मी कार्ड तलाशी के दौरान दिलावर के घर से दो साल पहले निलंबित सब इंस्पेक्टर रउफ खान के नाम का आईडी कार्ड और पुलिस की वर्दी मिली है। इसके अलावा इंडियन आर्मी (जम्मू एंड कश्मीर राइफल) का एक आईडी कार्ड भी मिला है। इस पर मुख्य सरगना दिलावर के बेटे मोहम्मद अजहर का नाम और आर्मी की यूनिफॉर्म पहने फोटो है। कार्ड में अजहर ने अपनी रैंक लांस नायक बता रखी है। पुलिस इन कार्डों की जांच कर रही है। संभवतः एक-दो दिन में इंडियन आर्मी के नाम के दुरुपयोग को लेकर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। SP ने कहा- डरे नहीं, खुलकर सामने आएं भोपाल से लौटने के बाद एसपी अमित कुमार रविवार रात चिकलाना पहुंचे और दिलावर के घर का मुआयना किया। सरपंच प्रतिनिधि और ग्रामीणों से चर्चा करते हुए एसपी ने भरोसा दिलाया कि डरे नहीं, खुलकर सामने आएं, पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) बनाई गई है। जांच पर सवाल न उठें, इसलिए विवेचक अधिकारी बदलते हुए अब महिला डीएसपी अजय सारवान को जिम्मेदारी दी गई है। 22 जनवरी तक रिमांड पर, 20 करोड़ का माल पकड़ाया था पकड़े गए 11 आरोपियों का पुलिस रिमांड 22 जनवरी तक है। गौरतलब है कि पुलिस ने 15 जनवरी की रात चिकलाना में दिलावर के 20 हजार स्क्वेयर फीट वाले मकान पर छापा मारा था। यहां से करीब 3 करोड़ का रॉ मटेरियल और 10 करोड़ से अधिक की 10 किलो 930 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की गई थी। इसके अलावा घर में खड़ी गाड़ियों से भी 10 करोड़ की ड्रग्स मिली थी। पुलिस ने दिलावर, उसकी दो पत्नियों, बेटे, बहू, बेटी और दामाद समेत 16 लोगों पर केस दर्ज किया था। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… दिलावर के घर सस्पेंड SI…बेटे के नाम आर्मी I-Card मिला रतलाम जिले के चिकलाना में एमडी ड्रग फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जिस कमरे में अवैध रूप से एमडी ड्रग तैयार की जा रही थी, वहां से दो साल पहले सस्पेंड किए गए सब-इंस्पेक्टर रऊफ खान के नाम का पुलिस आईडी कार्ड मिला है। इसके अलावा दिलावर खान के बेटे अजहर के नाम से इंडियन आर्मी की जम्मू एंड कश्मीर राइफल का आईडी कार्ड भी बरामद हुआ है। पूरी खबर पढ़ें…


