सिरोही के नेहरू पवेलियन स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल (ओल्ड बिल्डिंग) में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय मेगा प्रदर्शनी “विजन राजस्थान 2026” का सोमवार को शुभारंभ हुआ। सांसद लुंबाराम चौधरी ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन, युवा, किसान, उद्यमी, महिला स्व-सहायता समूह और छात्र-छात्राएं उपस्थित रही। सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि “विजन राजस्थान 2026” जैसी राज्यस्तरीय प्रदर्शनी राजस्थान के समग्र विकास, नवाचार और जन-जागरूकता को नई दिशा दे रही है। उन्होंने बताया कि यह मंच विभिन्न केंद्रीय व राज्य स्तरीय संस्थानों की योजनाओं, तकनीकों और सेवाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाने का माध्यम है। प्रदर्शनी के पहले दिन विभिन्न स्टॉलों पर भारी भीड़ देखी गई। आगंतुकों ने कृषि, विज्ञान, तकनीक, वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यटन और स्वरोजगार से संबंधित स्टॉलों में विशेष रुचि दिखाई। “विजन राजस्थान” के उद्घाटन के अवसर पर सांसद लुंबाराम चौधरी ने CSIR-CEERI की टेक्नोलॉजी कारपेडियम का विमोचन किया। यह आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण रहा। CSIR-CEERI और CSIR-NPL ने LED सिस्टम, क्षीर स्कैनर, सस्ती PCR, शहद शुद्धता जांच और प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन जैसी स्वदेशी तकनीकों का प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार यह प्रदर्शनी 19 से 21जनवरी तक चलेगी और यह विशेष रूप से युवाओं, किसानों, उद्यमियों एवं निवेशकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। “विजन राजस्थान 2026” के माध्यम से सिरोही सहित पूरे राजस्थान में विकास, नवाचार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर जिला प्रमुख अर्जुन राम पुरोहित, भाजपा जिला अध्यक्ष डाॅ. रक्षा भंडारी, भूपेंद्र देवासी ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर प्रधान, भाजपा जिला पधाधिकारी एवम मंडल अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।


