अभ्यर्थियों की भीड़ के बीच वृद्ध का दम घुटा, मौत:शिक्षक भर्ती की भीड़ से रोडवेज बस में बिगड़े हालात, गोगुंदा थाना क्षेत्र की घटना

उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र में चलती रोडवेज बस में बहुत ज्यादा भीड़ की वजह से दम घुटने पर सोमवार देर शाम एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि शिक्षक भर्ती परीक्षा की वजह से बस में अभ्यर्थियों की जबर्दस्त भीड़ थी। ज्यादातर यात्री खड़े थे। तभी भीड़ में सुमेरपुर निवासी शंकरलाल मेघवाल(65) का बुरी तरह दम घुट गया। वे बस में अचानक बेसुध हो गए। ऐसे में बस रुकवाई गई और उन्हें तुरंत उदयपुर-गोगुंदा हाईवे स्थित निजी शिवम हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को गोगुंदा हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया। रोडवेज बस में खचाखच भीड़ थी
पुलिस के अनुसार सुमेरपुर निवासी मृतक शंकरलाल मेघवाल अपनी बेटी और जमाई के साथ सिरोही डिपो की रोडवेज बस में उदयपुर से सुमेरपुर जा रहे थे। बस में एग्जाम देने आए अभ्यर्थियों की बहुत भीड़ की वजह से तीनों को बैठने की जगह नहीं मिली। बस में खचाखच भीड़ थी। तभी बुजुर्ग का दम घुटने लगा। ईसवाल गांव के पास उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और वे बेसुध होकर गिर गए। उनकी हालत देखकर बस को रुकवाया गया और पास के हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *