दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र से लापता हुईं दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने चार घंटे के भीतर खोज लिया है। साइबर सेल की मदद से उन्हें दमोह से बरामद किया गया। हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने सोमवार शाम इसकी जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार दोपहर हटा थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय दो नाबालिग अपने घर से कहीं चली गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने धारा 133 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्काल दोनों नाबालिगों की खोजबीन शुरू की और साइबर सेल की सहायता ली। गहन तलाश के बाद, पुलिस ने चार घंटे के अंदर दोनों बालिकाओं को दमोह से ढूंढ निकाला। दोनों नाबालिगों को हटा थाने लाया गया है, जहां महिला पुलिसकर्मी उनके बयान दर्ज कर रही हैं। बयान दर्ज होने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने अभी इस मामले में अधिक जानकारी देने से इनकार किया है, क्योंकि जांच अभी जारी है। हालांकि, यह पुष्टि हुई है कि दोनों नाबालिग दमोह शहर में मिली थीं।


