रीवा की गुढ़ तहसील में EWS सत्यापन में रिश्वतखोरी उजागर:EOW ने कंप्यूटर ऑपरेटर को 10 हजार लेते रंगे हाथ दबोचा

रीवा जिले के गुढ़ तहसील कार्यालय में EWS प्रमाण पत्र के सत्यापन के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) रीवा की टीम ने सोमवार को तहसील गुढ़ में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर भगवानदीन चौरसिया को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, फरियादी गोलूज मणि त्रिपाठी निवासी ग्राम नरहवा, तहसील गुढ़, जिला रीवा ने EOW में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी की बेटी के EWS प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए अक्टूबर 2024 में तहसील कार्यालय गुढ़ में आवेदन किया गया था। आरोप है कि कंप्यूटर ऑपरेटर भगवानदीन चौरसिया सत्यापन की प्रक्रिया को जानबूझकर टाल रहा था और इसके बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद EOW रीवा ने योजना बनाकर कार्रवाई की। 19 जनवरी 2026 को फरियादी को तहसील कार्यालय गुढ़ बुलाया गया, जहां जैसे ही कंप्यूटर ऑपरेटर ने 10 हजार रुपए की रिश्वत ली, EOW टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रियंका पाठक, निरीक्षक हरीश त्रिपाठी, उप निरीक्षक गरिमा त्रिपाठी, उप निरीक्षक भावना सिंह, उप निरीक्षक रुचिका सूर्यवंशी सहित EOW के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *