भास्कर संवाददाता| बांसवाड़ा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को बांसवाड़ा नगर की त्रिपुरा बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ठिकरिया, त्रिपुरा कॉलोनी, महावीर नगर, मारुति नगर और नीलम नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, पुरुष और बच्चे केसरिया पताकाओं के साथ जय श्रीराम और भारत माता के जयकारों के बीच शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वेशभूषा ने आयोजन को भव्य रूप दिया। धर्म सभा में संत कमलेश भाई शास्त्री, लक्ष्मण दास महाराज, ईश्वरदास महाराज तथा मुख्य वक्ता आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री मंचासीन रहे। संत कमलेश भाई शास्त्री ने कहा कि हिंदू समाज को संगठित रहकर सनातन संस्कारों को मजबूत करना होगा। धर्म बचेगा तो देश बचेगा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। मुख्य वक्ता जसवंत खत्री ने संघ के 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज परिवर्तन के लिए पंच परिवर्तन पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने सामाजिक समरसता, नागरिक शिष्टाचार, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और कुटुंब प्रबोधन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। खत्री ने कहा कि परिवार से ही संस्कारों की शुरुआत कर मजबूत समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में संस्कार बचाओ, संस्कृति बचाओ, पर्यावरण और जल संरक्षण, मातृशक्ति की अस्मिता तथा भ्रूण हत्या रोकने जैसे विषयों पर भी संदेश दिया गया। अंत में भारत माता की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आभार जितेंद्र जोशी ने व्यक्त किया। यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक नवनीत शुक्ल ने दी।


