भास्कर न्यूज | डौंडी अखिल भारतीय हल्बा आदिवासी समाज शहीद गेंद सिंह नायक का शहादत दिवस 20 जनवरी को ग्राम नर्राटोला हवाई अड्डा में मनाएगा। सोमवार को ग्राम नर्राटोला में कार्यक्रम स्थल की सफाई और सजावट का काम समाज के पुरुष और महिला सदस्य करते नजर आए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामाजिक मुखिया 15 प्रभागों के पदाधिकारियों की बैठक भी की। कार्यक्रम 12:15 से शाम 5 बजे तक चलेगा। सामाजिक नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम स्थल पर दो बजे पहुंचेंगे। अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री राम विचार नेताम, केदार कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव होंगे। शहादत दिवस के आयोजन के लिए पंडाल, मंच, भोजन व्यवस्था आदि की व्यापक तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने हेलीपैड का निर्माण भी किया है। कार्यक्रम में बालोद, दल्ली राजहरा, डौंडी, कच्चे, भानुप्रतापपुर क्षेत्र के समाज के मुखिया और गांव में निवासरत 12 बिरादरी के लोग भी भाग लेंगे।


