भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के विवाह-पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरु हरगोबिंद विवाह-पर्व सेवा सोसायटी एवं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सहयोग से नगर कीर्तन सजाया गया। यह नगर कीर्तन सोसायटी के मुख्य सेवादार जसविंदर सिंह पप्पी और सुखराज सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा गुरु के महल से हुई, जो विभिन्न बाजारों और मोहल्लों से होते हुए गुरद्वारा अटारी साहिब पहुंचा। नगर कीर्तन का जगह-जगह श्रद्धालुओं की तरफ से पुष्पवर्षा से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान गतका पार्टियों ने करतब दिखाकर संगतों को निहाल किया, वहीं रागी जत्थों द्वारा मधुर गुरबाणी कीर्तन की प्रस्तुति से पूरा वातावरण गुरु-भक्ति से सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ‘बोले सो निहाल’ के जयकारे लगाते हुए नगर कीर्तन में शामिल हुए। नगर कीर्तन गुरुद्वारा अटारी साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां गुरु का अटूट लंगर संगत के लिए लगाया गया। इस अवसर पर श्री हरमंदर साहिब के मैनेजर विक्रम सिंह, वरिंदर सिंह, सुखराज सिंह, गुरविंदर सिंह, भूपिंदर सिंह, रजिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में संगतें उपस्थित रहीं। आयोजन को सफल बनाने में सेवादारों और संगत का विशेष योगदान रहा।


