15 लाख के धान का गबन, प्रभारी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | कवर्धा कुकदूर के धान खरीदी केंद्र में 15 लाख रुपए के धान गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्कालीन केंद्र प्रभारी अमित बाजपेयी (43) निवासी वार्ड-10, बैरागपारा (पंडरिया) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छुपाकर रखे गए 119 बोरा धान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक 16 जनवरी को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा कुकदूर के प्रबंधक आलोक मिश्रा ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि संयुक्त जांच दल ने धान खरीदी केंद्र कुकदूर का आकस्मिक निरीक्षण किया था। जांच में सामने आया कि विपणन वर्ष 2025- 26 के दौरान 20 नवंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक कुल 43,598 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। इसमें से 1500 क्विंटल धान का उठाव हो चुका था। इस हिसाब से केंद्र में 42,098 क्विंटल धान शेष होना चाहिए था। लेकिन भौतिक सत्यापन में मात्र 41,470 क्विंटल धान ही उपलब्ध पाया गया, जबकि 628 क्विंटल पतला धान कम मिला। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उक्त अवधि में आरोपी अमित बाजपेयी धान खरीदी केंद्र कुकदूर का प्रभारी था। उसी के कार्यकाल में यह गड़बड़ी हुई। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी ने शासन को आर्थिक हानि पहुंचाते हुए अमानत में खयानत की है। इस पर थाने में बीएनएस की धारा 318(4), 316 (5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *