भास्कर न्यूज | बगोदर बगोदर प्रखंड अंचल मुख्यालय में सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे कुछ देर के लिए हंगामा खड़ा हो गया। मामूली बात को लेकर ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर और एक पंचायत सचिव आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते डेढ़ दर्जन से अधिक लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंचायत सचिव आक्रोशित नजर आ रहे थे। बताया गया कि ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे, उसी दौरान पंचायत सचिव अपने कार्य को लेकर दबाव बनाने लगे। बात नहीं बनने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और पंचायत सचिव आपे से बाहर हो गए। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद कुछ पंचायत समिति सदस्यों और ब्लॉक-अंचल कर्मियों ने हस्तक्षेप किया और पंचायत सचिव को कार्यालय परिसर से बाहर भेजकर माहौल को शांत कराया गया । घटना की सूचना तुरंत बीडीओ निशा कुमारी को दी गई, लेकिन घटना के समय वे प्रखंड मुख्यालय में मौजूद नहीं थीं। बाद में बीडीओ निशा कुमारी अपने चेंबर पहुंचीं और दोनों कर्मियों को चैंबर में बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। मनरेगा के जेई त्रिभुवन महतो ने बताया कि बीडीओ द्वारा दोनों को समझाने के बाद आपसी माफीनामा के जरिए मामला शांत कराया गया है। दोनों को हिदायत दी गई है कि भविष्य में फिर से ऐसी घटना नहीं हो नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी । फिलहाल बीडीओ के हस्क्षेप के बाद शांति है। दोनों पहले बेंगाबाद में थे साथ, उसी समय से दोनों के बीच रही है तनातनी बताया जाता है कि पंचायत सचिव प्रयाग और ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर पहले बेंगाबाद प्रखंड में एक साथ कार्यरत थे और किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच तनातनी पहले से चल रही थी। हंगामे के दौरान पंचायत सचिव ने कहा कि यह बेंगाबाद नहीं, बगोदर है। घटना के बाद मौजूद लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि जब ब्लॉक और अंचल स्तर के कर्मचारी आपस में इस तरह उलझेंगे, तो आम जनता का काम कैसे सुचारू रूप से होगा।


