भास्कर न्यूज |गिरिडीह राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की थीम “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” रखी गई थी। लर्नर लाइसेंस बनवाने के लिए आए प्रशिक्षु आवेदकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन रोड सेफ्टी मैनेजर मोहम्मद वाजिद हसन ने िकया। उन्होंने उपस्थित कैंडिडेट्स को सड़क पर सुरक्षित वाहन संचालन, ट्रैफिक सिग्नल, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। साथ ही हिट एंड रन कानून व गुड सेमेरिटन योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। बताया कि किसी सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिक को कानून द्वारा संरक्षण दिया जाता है, जिससे लोग बिना डर के पीड़ित की सहायता कर सकें। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के बीच रोड सेफ्टी हैंडबुक एवं रोड सेफ्टी पंपलेट का वितरण किया गया, ताकि वे नियमों को समझकर व्यवहार में ला सकें। कार्यक्रम में प्रधान सहायक नगमा जरीन, उच्च वर्गीय लिपिक अनुप सिन्हा, रोड सेफ्टी मैनेजर मोहम्मद वाजिद हसन, साकेत भारती सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।


