अजमेर को जल्द ही एक और मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड की सौगात मिलने जा रही है। रेलवे के लोको स्पोर्ट्स ग्राउंड को नए सिरे से विकसित किया जा रहा है, जिससे यहां एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं सहित वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और कबड्डी जैसे राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले खेले जा सकेंगे। भारतीय रेलवे बोर्ड ने इसके लिए 2 करोड़ रुपए का बजट जारी किया है। 25 हजार वर्गमीटर में तैयार हो रहा यह आधुनिक मैदान मार्च 2026 तक बनकर तैयार होगा, जिससे शहर के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। मैदान के ग्राउंड लेवल को 5 फीट तक मिट्टी से भरती करके ऊंचा उठाया गया है, जिससे यहां पर पानी भरने की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो गई है। मैदान में 500 दर्शकों के बैठने के लिए पवेलियन सहित अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। अभी 1.71 करोड़ रुपए से सिविल वर्क और 26 लाख रुपए से बिजली फिटिंग सहित अन्य फिनिशिंग के कार्य हो रहे हैं। स्थान बचने पर क्रिकेट बॉक्स या अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है। ग्राउंड को नए सिरे से तैयार कराने का काम मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास आनंद, डिप्टी सीएमई मनोज मीणा और लोको ग्राउंड सचिव नागरमल मीणा की देखरेख में हो रहा है।


