बांसवाड़ा।अरथूना क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती मुस्कान की मौत के मामले में सोमवार को उच्चस्तरीय जांच कमेटी बांसवाड़ा पहुंची। तीन सदस्यीय डॉक्टर्स की टीम ने 6 घंटे से अधिक समय तक चिकित्सक और पूर्व जांच कमेटी सदस्यों से पूछताछ की। पूर्व कमेटी सदस्यों के बयान भी दर्ज किए। एमजी अस्पताल के पीएमओ चेंबर में पूछताछ की और बयान लिए। डॉ. दिनेश वैष्णव की अध्यक्षता में जांच कमेटी ने डॉ. हितेन व्यास से जानकारी व बयान लिए । डॉ. वैष्णव ने बताया कि पूछताछ कर ली गई है। जिसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। यह था मामला: मुस्कान के पिता ध्रुवशंकर यादव ने 11 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि वे बेटी मुस्कान को इलाज के लिए 30 अक्टूबर को एमजी अस्पताल ले गए थे। उसे डॉ. हितेन ने देखा और लड्ढा अस्पताल ले जाकर सीटी स्कैन कराने के लिए कहा। रिपोर्ट देखकर कहा कि पेट में पथरी है, ऑॅपरेशन करना पड़ेगा। इसके लिए डॉक्टर ने 50 हजार रुपए का खर्चा बताया और 20 हजार रुपए एडवांस लिए। ऑपरेशन के बाद 11 नवंबर को मुस्कान की मौत हो गई। मामले में एसडीएम, सर्जन, एनेस्थेटिक, दो अन्य डॉक्टरों की कमेटी ने जांच की थी। तब कमेटी ने पीएमओ को अनुशंसा की थी कि वरिष्ठ सर्जन, मेडिकल ज्यूरिस्ट से जांच कराएं। इस पर पीएमओ ने पुन: जांच के लिए कहा। पीएमओ चेंबर में डॉ. हितेन व्यास से जानकारी लेती जांच कमेटी। मृतका मुस्कान।


