भास्कर संवाददाता| बांसवाड़ा कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम जन आंदोलन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी दिनों में मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन करेगी। इसके लिए विधानसभा वार प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। सभी ब्लॉक अध्यक्षों और प्रभारी पदाधिकारियों के साथ आंदोलन की रणनीति और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिले में विधानसभा वार ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल, जनसंपर्क, रैली और सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 22 जनवरी को विधानसभा बागीदौरा से होगी। इसके बाद 23 जनवरी को विधानसभा बांसवाड़ा, 28 जनवरी को गढ़ी, 29 जनवरी को कुशलगढ़ और 31 जनवरी को विधानसभा घाटोल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान ने बताया कि बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार सहित विधानसभा प्रभारी कृष्णपाल सिंह सिसोदिया, केशवचंद्र निनामा, राकेश सेठिया, धर्मेंद्र तेली, बुरहान रतलामी, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, आशीष मेहता, दिनेशचंद्र पंड्या, कालू सिंह गरासिया तथा विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। इधर, घाटोल क्षेत्र से संगठित होकर आई महिला एवं ग्रामीण मजदूरों ने मनरेगा कानून की बहाली और मजदूर अधिकारों की रक्षा को लेकर कलेक्ट्री में प्रदर्शन किया। हाथों में काले झंडे लेकर कलेक्ट्री पहुंची महिलाओं ने बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें रोजगार की कमी, बढ़ते पलायन और महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई। साथ ही मनरेगा की कानूनी गारंटी बहाल करने, 200 दिन रोजगार और 800 रुपये न्यूनतम मजदूरी की मांग की।


