भगत की कोठी-पुणे एक्सप्रेस में आज से एलएचबी कोच:रामदेवरा के लिए आज से 9 दिन तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

जोधपुर रेल मंडल ने यात्रियों को मंगलवार से दोहरी सुविधा दी है। भगत की कोठी-पुणे एक्सप्रेस अब आधुनिक और सुरक्षित एलएचबी रैक के साथ संचालित होगी, जिससे यात्रा अधिक आरामदायक हो जाएगी। वहीं, रामदेवरा जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आज (20 जनवरी) से 9 दिनों तक एक स्पेशल ट्रेन भी शुरू की गई है। एलएचबी रैक से सुरक्षित होगा सफर जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 11090/11089 पुणे-भगत की कोठी-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस में अब परंपरागत आईसीएफ कोचों की जगह अत्याधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रैक लगाए गए हैं। यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 11090 पुणे-भगत की कोठी एक्सप्रेस सोमवार को नए रैक के साथ जोधपुर पहुंची थी। इसके बाद मंगलवार से यह ट्रेन नियमित रूप से इसी एलएचबी रैक के साथ संचालित होगी। सीनियर डीसीएम ने स्पष्ट किया कि एलएचबी रैक से संचालन शुरू होने से यात्रियों को पहले से अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस ट्रेन का संचालन कुल 20 डिब्बों के साथ किया जाएगा। रामदेवरा जाने वालों की राह हुई आसान रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों के अतिरिक्त यातायात को ध्यान में रखते हुए जोधपुर-रामदेवरा-भगत की कोठी स्टेशनों के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। ट्रेन संख्या 04867 (भगत की कोठी-रामदेवरा स्पेशल) 20 से 28 जनवरी तक संचालित होगी और कुल 9 फेरे करेगी। समय सारिणी के अनुसार, यह ट्रेन जोधपुर से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। इसी प्रकार वापसी में ट्रेन संख्या 04868 (रामदेवरा-भगत की कोठी स्पेशल) रामदेवरा से दोपहर 2 बजे रवाना होकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आवागमन के दौरान यह स्पेशल ट्रेन राईका बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 9 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 डिब्बे लगाए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *