पाली में देर रात को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मेले में जा रहे थे। इस दौरान सड़क पर बिना लाइट जलाए खड़ा ट्रक रात के अंधेरे में उन्हें नजर नहीं आया। जिससे उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार रात को पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के उमकली गांव के पास हुई। मृतकों की पहचान राणा निवासी 22 साल के अशोक पुत्र सायराराम और भावरी निवासी 26 साल के श्रवण पुत्र जोगाराम के रूप में हुई है। दोनों की बॉडी पुलिस ने मोर्चरी में शिफ्ट करवाई। दोनों युवक अमरतिया मेले में जा रहे थे
जानकारी के अनुसार दोनों अमरतिया मेले जा रहे थे। रात के अंधेरे में उन्हें बिना लाइट जलाए खड़ा वाहन नजर नहीं आया जिससे हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बिना लाइट और संकेतों के सड़क पर खड़े रहने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि इसी लापरवाही ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। साउंड सिस्टम का काम करता था अशोक
मृतक अशोक (22) के दो भाई और तीन बहनें हैं। पिता खेती करते हैं। अशोक साउंड सिस्टम का काम करता था और भजनों का शौक रखने वाला कलाकार भी था। उसकी शादी तय हो चुकी थी, लेकिन ओणा की रस्म बाकी थी। एक साल भी नहीं हुआ था श्रवण की शादी को
मृतक श्रवण (26) के दो भाई और एक बहन हैं। उसकी शादी अप्रैल में हुई थी। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। श्रवण के पिता भी खेती करते हैं।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और अमरतिया मेले की खुशियां मातम में बदल गईं।


