कोडरमा में झाड़ियों से मिला बच्चे का शव:सोमवार को गायब हुआ था 13 साल का अभिनंदन, विरोध में सड़क जाम

कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत राजारायडीह गांव में 24 घंटे से लापता 13 वर्षीय बच्चे अभिनंदन कुमार का शव मंगलवार सुबह उसके घर के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। मृतक की पहचान प्रकाश राणा के पुत्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभिनंदन सोमवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले आसपास उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो चिंता बढ़ गई। झारखंड में लगातार सामने आ रही बच्चा चोरी की घटनाओं को देखते हुए परिजन काफी आशंकित हो गए और मरकच्चो थाना में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी खोजबीन में जुट गई। तालाब के पास झाड़ियों में मिला शव सोमवार देर शाम तक जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो पुलिस और परिजनों ने उसकी तस्वीर और संपर्क नंबर व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा कर तलाश तेज कर दी। इसी बीच मंगलवार सुबह गांव के पास तालाब की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक बच्चे का शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल गांव वालों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही लापता बच्चे के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही उन्होंने अपने 13 वर्षीय बेटे अभिनंदन कुमार की पहचान कर ली। यह दृश्य इतना हृदयविदारक था कि मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गमगीन हो गया। जांच में जुटी पुलिस; ग्रामीणों का सड़क जाम घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्चे की मौत हत्या के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बताया गया कि अभिनंदन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। वह बिचरिया गांव स्थित मध्य विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र था। उसके पिता महाराष्ट्र के पुणे में बढ़ई (कारपेंटर) का काम करते हैं। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे के शव के साथ राजारायडीह के समीप बरीयारडीह–मरकच्चो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *