सड़क सुरक्षा माह: फुटबॉल मैदान से लोगों को दिया सुरक्षा का संदेश

भास्कर न्यूज|गुमला राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर आज गुमला के अल्बर्ट इक्का स्टेडियम में खेल और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के दिशा-निर्देशानुसार और जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल की अगुवाई में एक विशेष फुटबॉल जागरूकता मैच का आयोजन किया गया।“सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह मैच गुमला इलेवन और रेजिडेंशियल सेंटर की टीमों के बीच खेला गया। मौके पर रेजिडेंशियल सेंटर ने पेनाल्टी में 4-3 गोल से विजय हासिल किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से युवाओं और आम जनता तक यातायात नियमों के पालन का संदेश पहुँचाना था। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। आपकी सावधानी ही आपकी सुरक्षा की गारंटी है। कार्यक्रम के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति सजग किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज और पुलिस उपाधीक्षक बीरेंद्र टोप्पो, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार स्वरूप हेलमेट प्रदान किए। अधिकारियों ने संदेश दिया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करना जीवन बचाने का सबसे सरल और प्रभावी संकल्प है। लोगों को ”राहवीर” योजना के बारे में बताया गया ताकि वे सड़क दुर्घटना में घायलों की निस्वार्थ मदद कर सकें।वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग और शराब के सेवन से बचने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात मानकों का पालन करना केवल एक सरकारी नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प है। प्रशासन का अंतिम लक्ष्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *