सीधी जिले के गांधी चौराहे के पास मंगलवार सुबह एक रेत से लदा डंपर बेकाबू होकर पलट गया। यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे हुई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, रेत से भरा यह डंपर बाजार के अंदरूनी रास्ते से गुजर रहा था। गांधी चौराहे के पास पहुंचते ही चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर जमा हो गए। डंपर में लदी रेत को आसपास के कुछ स्थानीय लोगों ने चुराना शुरू कर दिया। लोग बाल्टी, बोरी और ठेलियों की मदद से रेत ले जाने लगे। महज आधे घंटे के भीतर डंपर में भरी पूरी रेत गायब हो गई। स्थानीय निवासी निरूपेंद्र सोनी ने बताया कि डंपर पलटने के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। जब लोगों को लगा कि कोई खतरा नहीं है और भीड़ कम हो गई, तभी कुछ लोगों ने रेत चुराना शुरू कर दिया। उन्हें रोकने की किसी ने कोशिश नहीं की और देखते ही देखते डंपर पूरी तरह खाली हो गया। चालक की तलाश जारी इस मामले पर कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने जानकारी दी कि गांधी चौराहे के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवागमन सुचारू रखने के लिए हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ और चालक कहां है। इसके साथ ही, रेत चोरी के मामले की भी जांच की जा रही है।


