अलवर के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के लीली गांव में दुकान में घुसकर बकरा केले का गुच्छा उठा ले गया। गुस्साए दुकानदार और उसके साथियों ने बकरा मालिक के परिवार पर लाठी-फर्सी से हमला कर दिया। हमले में बकरा मालिक के परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को मालाखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक घायल को गंभीर अवस्था में अलवर रेफर किया गया है। घटना सोमवार देर शाम की है। लीली गांव निवासी बाबूलाल प्रजापत के बकरे-बकरियां पाल रखी हैं। उनके पड़ोस में एक दुकान है। बाबूलाल का एक बकरा दुकान के अंदर से केले के एक गुच्छे उठा ले गया। इसको लेकर गुस्साए दुकानदार पक्ष के सुमेर और धीर सिंह समेत करीब 8 लोग बाबूलाल के घर पहुंच गए। दुकानदार के पक्ष बाबूलाल और उसके परिवार के लोगों से झगड़ने लगे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से बाबूलाल के परिवार पर हमला कर दिया। हमले में बाबूलाल, उसकी पत्नी रामकली, छोटा भाई विजय, विजय की पत्नी लक्ष्मी और परिवार का एक अन्य सदस्य रामखिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर परिजन घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित परिवार की ओर से मालाखेड़ा थाने में मामला दर्ज कराया गया है।


