अशोकनगर में रातीखेड़ा रेलवे स्टेशन और आरटीओ कार्यालय के पीछे मालगाड़ी की चपेट में आने से 2 साल की बच्ची नैंसी आदिवासी की मौत हो गई। बच्ची के माता-पिता रेलवे ट्रैक पर गिट्टी डालने का काम कर रहे थे। मृतका की पहचान मुरारी उर्फ राजू आदिवासी की बेटी नैंसी (2 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कफार, थाना खनियांधाना की निवासी थी। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली पुलिस को दी गई। इससे पहले एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी और उसके सबको जिला अस्पताल लेकर आए थे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में बच्ची की पहचान नहीं हो पाई थी। हालांकि, ट्रैक से कुछ दूरी पर काम कर रहे लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने बच्ची का नाम नैंसी आदिवासी बताया। परिजनों ने बताया कि बच्ची खेलते खेलते कुछ दूर पहुंच गई थी। जिला अस्पताल में बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


