नारायण विहार में ज्वेलरी शॉप नकबजनी का खुलासा:4 किलो 216 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद; मुख्य आरोपी अरेस्ट, कर्ज चुकाने के लिए की थी चोरी

पुलिस थाना नारायण विहार और जिला विशेष टीम जयपुर दक्षिण ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी शॉप में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है। इस मामले में शातिर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में चोरी हुए समस्त चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस थाना नारायण विहार की थानाधिकारी गुंजन सोनी द्वारा किया गया। पुलिस के अनुसार 02 जनवरी को थाना नारायण विहार क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी शॉप में अज्ञात चोरों द्वारा साइड की दीवार में सेंधमारी कर चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में थाना नारायण विहार में मामला दर्ज कर जिला विशेष टीम और थाना स्तर पर लगातार जांच व तलाश की जा रही थी। 4 किलो 216 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वारदात में संलिप्त एकमात्र मुख्य अभियुक्त विकास कुमार यादव को डिटेन कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में चोरी हुए कुल 4 किलो 216 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। क्रेडिट कार्ड व लोन से संबंधित कर्ज चुकाने के लिए की चोरी प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उस पर क्रेडिट कार्ड व लोन से संबंधित कर्ज था, जिसके चलते उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को गुमराह करने की नीयत से अभियुक्त ने वारदात के समय मोटरसाइकिल को घटनास्थल से काफी दूर खड़ा किया और सीधे रास्ते की बजाय गलियों के रास्ते ज्वेलरी शॉप तक पहुंचा। चोरी के बाद भी उसने वापस लौटने के लिए गलियों का सहारा लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम विकास कुमार (26 साल) पुत्र राजवीर सिंह, जाति यादव है। वह मूल रूप से ग्राम चावड़ी, थाना मांडण, जिला कोटपूतली-बहरोड़ का निवासी है और वर्तमान में सिरसी रोड भांकरोटा, थाना भांकरोटा, जयपुर में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस द्वारा अभियुक्त से अग्रिम पूछताछ जारी है और मामले में अन्य पहलुओं को लेकर भी अनुसंधान किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *