ग्वालियर में एक बस कंडक्टर ने महिला यात्री से मारपीट कर दी। महिला ने अधिक किराया वसूलने का विरोध किया था। इससे गुस्साए कंडक्टर ने महिला के साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट की। उसने महिला का सामान भी बस से नीचे फेंक दिया। मां से मारपीट देख रोने लगा बच्चा
घटना सोमवार दोपहर 3:00 बजे की है। मंगलवार को इसका वीडियो सामने आया है। भितरवार थाना क्षेत्र के सुनारी गांव से वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि मारपीट के दौरान महिला का बच्चा रो रहा था और अपनी मां को बचाने की कोशिश कर रहा था। यह वीडियो वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल से बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। बस क्रमांक एमपी 07पी 2072 रास्ते पर खड़ी है। इस दौरान एक महिला का हाथ पकड़कर कंडक्टर धक्का दे रहा है। उसे अपशब्द कह रहा है। इस दौरा महिला का बच्चा पास खड़े रो रहा है। इस दौरान कुछ अन्य यात्री भी मौजूद थे लेकिन किसी ने महिला को बचाने का प्रयास नहीं किया। बस भी ओवरलोड, ऊपर भी बैठे यात्री
जिस बस में यह घटना हुई है। वह बस ओवरलोड दिखाई दे रही है। बस पूरी तरह यात्रियों से भरी थी। कुछ यात्री बस के ऊपर भी बैठे दिखाई दे रही है। पुलिस को शिकायत का इंतजार
मारपीट का यह वीडियो पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचा है। पुलिस ने बताया कि अभी तक थाने में इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस वीडियो के आधार पर बस और उसके कंडक्टर की तलाश कर रही है।


