उमरिया। बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जनवरी माह के दौरान 20 दिनों में चार बाघों की मौत ने वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को मानपुर बफर परिक्षेत्र से एक 5 वर्षीय बाघिन का शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, मानपुर बफर के कुचवाही बीट के कक्ष क्रमांक पीएफ-342 से लगे जंगल क्षेत्र में बाघिन के शव की सूचना मिली। इसके बाद टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर से सघन तलाशी ली गई। डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद बाघिन की मौत का प्राथमिक कारण आपसी संघर्ष बताया गया है। पोस्टमार्टम के उपरांत नियमानुसार बाघिन का अंतिम संस्कार किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र संचालक, उपसंचालक सहित टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर मौजूद रही। आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन निगरानी और जांच जारी है। गौरतलब है कि इससे पहले धमोखर बफर परिक्षेत्र और ताला परिक्षेत्र में भी बाघों के शव मिल चुके हैं, जिससे इस क्षेत्र में बाघों की मौत का सिलसिला चिंताजनक बना हुआ है।


