देवास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आबकारी विभाग के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ठेले पर शराब की खाली बोतलें रखकर शहर के मुख्य मार्ग एमजी रोड से सयाजी द्वार तक मार्च किया और प्रतीकात्मक रूप से राहगीरों को बोतलें बांटीं। यह प्रदर्शन विभाग द्वारा अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने में कथित विफलता के विरोध में किया गया। युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौड़ के नेतृत्व में नोवेल्टी चौराहे पर यह प्रदर्शन हुआ। कार्यकर्ताओं ने ठेले पर शराब की बोतलें रखकर यह संदेश दिया कि यदि विभाग कार्रवाई नहीं करेगा, तो अवैध शराब सड़कों पर खुलेआम बिकेगी। इसे आबकारी विभाग की लापरवाही और कथित मिलीभगत के खिलाफ सीधा आरोप माना जा रहा है। दुकानों के आसपास चल रहे अहाते जितेंद्र सिंह गौड़ ने बताया कि युवा कांग्रेस ने 10-15 दिन पहले आबकारी विभाग को ज्ञापन सौंपकर शहर में व्याप्त अवैध शराब कारोबार की पूरी जानकारी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई इलाकों में “डायरी सिस्टम” के नाम पर शराब बेची जा रही है और शराब की दुकानों के आसपास अवैध अहाते खुलेआम संचालित हो रहे हैं, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। गौड़ ने यह भी आरोप लगाया कि आबकारी विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा युवा पीढ़ी और आम जनता भुगत रही है। उनके अनुसार, गली-मोहल्लों में शराब की आसान उपलब्धता समाज को खोखला कर रही है, जबकि विभाग इस पर उदासीन बना हुआ है। डायरी सिस्टम पर रोक लगे, अहाते बंद हों युवा कांग्रेस ने अपनी मांगों में कहा कि शराब की दुकानों के पास बने सभी अवैध अहाते तुरंत बंद किए जाएं, शहर में चल रहे डायरी सिस्टम पर सख्त रोक लगे और अवैध शराब बेचने वालों तथा उन्हें संरक्षण देने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। जितेंद्र सिंह गौड़ ने चेतावनी दी कि यदि आबकारी विभाग ने जल्द और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी और भी बड़े, रचनात्मक और उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम, मनोज राजानी, ज्ञानसिंह दरबार, हर्षप्रताप सिंह गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


