करौली में राज्य आपदा प्रतिसाद बल (एसडीआरएफ) ने बाढ़ और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए आमजन को तैयार करने हेतु एक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण और प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य आपदा प्रतिसाद बल, जयपुर के निर्देशों पर करौली जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों पर ये जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्लाटून कमांडर बृजमोहन के नेतृत्व में बल की टीम करौली पहुंची है। टीम ने रिजर्व जिला पुलिस लाइन में अपना कैंप स्थापित किया है। यह अभियान 29 जनवरी 2026 तक करौली और सवाई माधोपुर जिलों में चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय निवासियों को आपात स्थितियों में त्वरित और सही प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित करना है। इसी क्रम में करौली जिला मुख्यालय स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले उच्च माध्यमिक स्कूल में आपदा प्रबंधन का एक लाइव डेमो दिया गया। इस दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार, शरीर में नुकीली वस्तु के प्रवेश पर सावधानियां, पानी में डूबते व्यक्ति को बचाने के तरीके और आंख में चोट लगने पर प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त करंट लगने या विषाक्तता की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सीपीआर की विधि, गैस सिलेंडर में आग लगने पर सुरक्षा उपाय और साइबर अपराध से बचाव के तरीके भी बताए गए। आपात स्थिति में 108, 100 और 112 पर कॉल करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। आपदा प्रबंधन टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन पर संस्था निदेशक प्रेमसिंह माली ने टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था प्रधान धर्म सिंह सहित स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


