नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कोरबा जिले में जश्न मनाया गया। छत्तीसगढ़ के प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री रहे नितिन नवीन को सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण के साथ खुशी व्यक्त की। यह आयोजन भाजपा जिला कोरबा के तत्वावधान में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और महापौर संजू देवी राजपूत के नेतृत्व में टीपी नगर चौक पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री ने सांगठनिक क्षमता की सराहना की उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नितिन नवीन को जमीन से जुड़ा, समर्पित और कर्मठ नेता बताया। उन्होंने उनकी उत्कृष्ट सांगठनिक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी, संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा राष्ट्र के विकास की गति तेज होगी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नितिन नवीन को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं में बढ़ा उत्साह जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने इस अवसर पर कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का चयन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नवीन के अनुभव का लाभ पार्टी को मिला है, जिससे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।


