कमरा किराए के बहाने बुजुर्ग महिला से लूट:आंखों में मिर्ची डालकर ढाई तोला सोने की चेन तोड़ी

कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कमरा किराए पर देखने के बहाने आए बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। पीड़िता चंद्रमणि सोनी ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे कुछ युवक उनके घर आए और कमरा किराए पर लेने की बात कही। उन्होंने उन्हें मना कर दिया। इसके बाद करीब 2 बजे दोबारा आए, तब महिला ने साफ कहा कि उनके यहां केवल लड़कियों को ही कमरा दिया जाता है। युवक वापस चले गए, लेकिन शाम करीब साढ़े 4 बजे फिर लौट आए। इस बार उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बहन के लिए कमरा किराए पर चाहिए। महिला के अनुसार, तीन युवक थे, जिनमें से एक बाइक पर बाहर खड़ा रहा और दो युवक घर के अंदर आए। उन्होंने ऊपर कमरा दिखाने को कहा, जिस पर महिला ने बताया कि वह सीढ़ियां नहीं चढ़ सकती। इसी दौरान एक युवक ने थैली से मिर्ची पाउडर निकालकर उनकी आंखों में डाल दिया। आंखों में तेज जलन होने पर महिला संभल भी नहीं पाई और बदमाश उनके गले से ढाई तोला सोने की चेन तोड़कर मौके से फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर बहू बाहर आई, तब तक आरोपी भाग चुके थे। घटना के बाद कॉलोनीवासी इकट्ठा हो गए और स्थानीय पार्षद गोपाल राम मांडा को सूचना दी गई। पार्षद की सूचना पर महावीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महावीर नगर थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *