डूंगरपुर की पायल शर्मा छत्तीसगढ़ में सम्मानित:राज्यपाल और मंत्री ने किया पुरस्कृत, काव्य संग्रह ‘एक पेड़ मां के नाम’ का विमोचन

छत्तीसगढ़ के राजिम क्षेत्र में शिक्षक साहित्य परिषद द्वारा आयोजित एक समारोह में डूंगरपुर की साहित्यकार एवं शिक्षाविद् पायल शर्मा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान से प्रेरित काव्य संग्रह ‘एक पेड़ मां के नाम’ का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने पायल शर्मा को प्रशस्ति पत्र, 1100 रुपए नकद राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। राज्यपाल डेका ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ काव्य संग्रह का विमोचन किया। इस साझा काव्य संग्रह में देशभर के विभिन्न राज्यों के शिक्षकों और साहित्यकारों की रचनाएं शामिल हैं। इसका संपादन शिक्षक सागर कुमार शर्मा ने किया है। इस अवसर पर राज्यपाल डेका ने कहा कि जब पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन और पारिस्थितिक असंतुलन की चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में साहित्य का यह स्वरूप लोगों को प्रकृति से जुड़ने, उसे समझने और उसकी रक्षा करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने मां और पेड़ की तुलना करते हुए कहा कि एक पेड़ भी मां की तरह ही निस्वार्थ भाव से जीवन, छाया, ऑक्सीजन, फल, फूल, ईंधन और आश्रय देता है। समारोह में राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार पाठक, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय और वरिष्ठ साहित्यकार मीर अली मीर सहित शिक्षक साहित्य परिषद छत्तीसगढ़ के सदस्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *