राजस्थान में होने वाले निकाय और पंचायतीराज चुनाव से पहले अब आम आदमी पार्टी आप आपरे साथे अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी 15 से 20 दिन तक ग्राम पंचायत और वार्ड में जाकर आगामी चुनाव के लिए अपने प्रत्याशी चुनेंगे। इसके अलावा लोगों के बीच जाकर उनकी समस्या के बारे में जानेंगे। आज पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश ऑलराउंडर,सीकर प्रभारी झाबर सिंह खीचड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसकी जानकारी दी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश ऑलराउंडर ने बताया कि राजस्थान में भी पार्टी मूलभूत आवश्यकता बिजली,पानी,शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच उतरेगी। प्रदेश में आगामी दिनों में निकाय और पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। लेकिन आज भी हालात यह है कि कहीं पर सालों से सड़क नहीं बनी तो कई घरों में बिजली की सप्लाई नहीं है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से जनता का मोह भंग हो चुका है। अब आम आदमी पार्टी तीसरे फ्रंट के रूप में सामने आएगी। अब निकाय और पंचायतीराज चुनाव के पहले पार्टी ने आप आप आपरे साथे अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत अगले 15 से 20 दिन में पार्टी के पदाधिकारी वार्डों और निकायों में जाकर जनता के मुद्दों को जानेंगे और फिर उन्हें एरिया में से पार्टी के सिंबल पर ऐसे आदमी को चुनाव लड़वाया जाएगा जो समस्याओं को दूर करवाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हो।


