ट्रैक्टर चोरी के आरोपी का पुलिस पर मारपीट का आरोप:युवक के अस्पताल में एडमिट होने का वीडियो आया सामने, SDOP बोलीं-आरोप बेबुनियाद

सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी के मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। ट्रैक्टर चोरी के आरोपी मोहम्मद आबिद खान ने पुलिस पर पूछताछ के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है। मंगलवार को आबिद के अस्पताल में भर्ती होने का वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। थाना परिसर से चोरी हुआ था ट्रैक्टर मामले की शुरुआत शनिवार को हुई थी, जब जियावन पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर जब्त कर थाने में खड़ा किया था। लेकिन उसी रात अज्ञात लोगों ने थाना परिसर से ही रेत से भरा ट्रैक्टर चुरा लिया। रविवार को पुलिस ने चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद कर लिया। इसके बाद पिंटू साहू, मोहम्मद आबिद खान सहित अन्य लोगों के खिलाफ ट्रैक्टर चोरी और अवैध रेत परिवहन का मामला दर्ज किया गया। आरोपी आबिद ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप इसी मामले में आरोपी आबिद को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। आबिद का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद मंगलवार को उसे बैढ़न स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसडीओपी बोलीं-कोई मारपीट नहीं हुई, तबीयत खराब होने पर कराया भर्ती वहीं पुलिस ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। जियावन की एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ट्रैक्टर चोरी और अवैध परिवहन का मामला दर्ज है। तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा किसी तरह की मारपीट नहीं की गई है और सोशल मीडिया पर चल रही बातें निराधार हैं। एसडीओपी ने कहा कि आरोपी खुद को बचाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *