बिहार निवासी नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर अलवर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगली सर्किल पर एकत्र होकर आतिशबाजी की तथा मिठाई वितरित की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और पार्टी के प्रति विश्वास व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि पार्टी को नया और युवा नेतृत्व मिला है। नितिन नवीन एक अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वे बिहार में मंत्री पद पर रह चुके हैं, कई बार विधायक निर्वाचित हुए हैं तथा युवा मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। अन्य राजनीतिक दलों में ऐसा देखने को नहीं मिलता। भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन का अध्यक्ष बनता है। अशोक गुप्ता ने कहा कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी में युवा नेतृत्व को और अधिक मजबूती मिलेगी। वैसे भी भाजपा युवाओं को प्राथमिकता देती रही है, लेकिन अब शीर्ष नेतृत्व में युवा चेहरा आने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।


