खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक आयुक्त के निर्देश पर पावटा क्षेत्र में मंगलवार को दो मेगा मार्ट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घी में मिलावट की आशंका के चलते सैंपल लिए गए, संदिग्ध घी के पैक सीज किए गए और बड़ी मात्रा में अवधिपार नमकीन को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कोटपुतली-बहरोड़ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि पावटा स्थित मैसर्स कैलाश जी मेगा मार्ट से ‘घी पायस’ ब्रांड का सैंपल लिया गया। वहीं मैसर्स रामा मेगा मार्ट से ‘घी मिल्क क्रीम’ ब्रांड के घी का सैंपल संग्रहित किया गया, जिसे जांच के लिए जयपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। मिलावट की आशंका पर घी के पैक सीज निरीक्षण के दौरान ‘घी मिल्क क्रीम’ ब्रांड में मिलावट की आशंका जताई गई। इसके चलते 500 एमएल के 16 पैक और 1 लीटर के 3 पैक घी को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद एफएसएसए एक्ट के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। 55 किलो अवधिपार नमकीन मौके पर नष्ट रामा मेगा मार्ट के निरीक्षण के दौरान 55 किलो नमकीन अवधिपार पाई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए इस नमकीन को तत्काल मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। अधिकारियों ने दुकानदार को खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट को लेकर सख्त हिदायत दी। साफ-सफाई में कमी पर जारी किया गया नोटिस मार्ट में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से ‘इम्प्रूवमेंट नोटिस’ जारी किया गया। दुकानदार को तय समय में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं और विक्रेताओं को अपने प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और उचित रख-रखाव की जानकारी भी दी गई। इस निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेहा शर्मा उपस्थित रहीं।


