बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने जमीन विवाद के चलते हुए इस हत्याकांड में मृतक के भतीजे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह घटना 15 जनवरी 2026 को हुई थी। कालिकापुर निवासी अनिल यादव (22) ने 15 जनवरी 2026 को रामचंद्रपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके दादा देवशरण यादव उर्फ लुखुर यादव गाय-भैंस चराने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। तलाश के दौरान कुरसा नाला के ऊपर टांड में उनका शव मिला, जिसका गला काटकर हत्या की गई थी। जमीन और झाड़-फूंक को लेकर रंजिश इस मामले में रामचंद्रपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी रामानुजगंज के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मृतक का भतीजा देवकुमार यादव उनसे जमीन और झाड़-फूंक को लेकर रंजिश रखता था। आरोपी ने जुर्म कबूला पुलिस ने कालिकापुर निवासी आरोपी देवकुमार यादव (38) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि जमीन विवाद, सामाजिक अपमान और झाड़-फूंक के काम में प्रतिस्पर्धा के कारण वह मृतक से लंबे समय से नाराज था। आरोपी ने योजना बनाकर घटना वाले दिन कुरसा नाला के पास कुल्हाड़ी से देवशरण यादव के सिर और गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं। इसके आधार पर देवकुमार यादव को 20 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।


