सिंचाई पानी चोरी रोकने गए एक कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। यह घटना 19 जनवरी की रात चौधरी कुंभाराम आर्य लिफ्ट नहर की जबरासर माईनर पर हुई। इस संबंध में खुईयां पुलिस थाना में तीन नामजद और 10 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन्दिरा गांधी सर्वे एवं अन्वेषण लिफ्ट उपखंड द्वितीय के कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार वर्मा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 19 जनवरी की रात वह चौकीदार देवीलाल, गेट ऑपरेटर सुभाष और वाहन चालक विक्रम के साथ सरकारी वाहन से गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान उन्होंने जबरासर माईनर पर नहर से अवैध साइफन लगाकर सिंचाई पानी चोरी होते देखा। जब टीम मौके पर पाइप जब्त करने का कार्य कर रही थी, तभी जोखासर निवासी अमित सहारण पुत्र कृष्ण सहारण, दिवान पुत्र हेतराम सहारण, हेतराम सहारण पुत्र श्रवण सहारण और 9-10 अन्य व्यक्ति वहां आ गए। उन्होंने जेईएन संजय कुमार वर्मा पर जानलेवा हमला कर मारपीट की। वर्मा के अनुसार, मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते समय अमित सहारण ने उन्हें दांतों से भी काटा। आरोपियों ने जेईएन को नीचे गिराकर पीटा, जिससे वह घायल हो गए। उन पर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। हमलावर जेईएन का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मिलने पर अनेक गांवों के ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर खुईयां पुलिस थाना के आगे धरना दिया। खुईयां थाना प्रभारी राधेश्याम थालोड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।


