गणतंत्र दिवस को लेकर रांची रेलमंडल में सुरक्षा अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान दिल्ली रूट की ट्रेनों में मंगलवार से 26 जनवरी तक पार्सल की बुकिंग बंद कर दी गई। रांची स्टेशन से दिल्ली जाने वालीं ट्रेनों में कोई भी पार्सल नहीं भेजा जाएगा। वहीं, प्रयागराज रूट में माघ मेला और भीड़ को देखते हुए वहां भी पार्सल बुकिंग अस्थायी रूप से रोकी गई है। जबकि अन्य शहरों के लिए पार्सल की बुकिंग सामान्य रूप से जारी रहेगी। मालूम हो कि रांची से लाह, सब्जियां और कपड़े दिल्ली भेजे जाते हैं। वहीं, घरेलू सामान यात्रियों द्वारा भेजे जाते हैं। रेलवे स्टेशनों में श्वान दस्ता तैनात िकया गया है। 88 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तेज कर दी गई है। अनधिकृत रूप से स्टेशन परिसर में रह रहे लोग हटा दिए गए हैं, जबकि संदिग्ध यात्रियों की जांच सादे लिबास में एसआईबी और सीआईबी की टीम कर रही है। इधर, रेलवे द्वारा प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को सुरक्षा और सतर्कता के लिए जागरूक किया जा रहा है। इन उपायों का मकसद गणतंत्र दिवस पर यात्रियों और स्टेशन परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करना, ताकि अप्रिय घटना न हो। आरपीएफ पर्सनल की छुटि्टयां सीमित की गईं रांची रेलमंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह और आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि 26 जनवरी के मद्देनजर रांची रेलमंडल के सभी स्टेशन अलर्ट मोड में हैं। आरपीएफ पर्सनलों की छुटि्टयां सीमित कर दी गई हैं। स्टेशन आने जानेवाले संदिग्ध यात्रियों को सादे लिबास में एसआईबी और सीआईबी की टीम जांच कर रही है।


