गोविंदधाम मंदिर की वर्षगांठ पर कार्यक्रम, भजन संध्या से माहौल भक्तिमय, झूमे श्रद्धालु

भास्कर न्यूज |गिरिडीह श्री कबीर ज्ञान मंदिर में मंगलवार को संत विवेक दास जी महाराज के निर्वाण महोत्सव एवं गुरु गोविंदधाम मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सद्गुरु कबीर साहब की पावन सखियों के पाठ से की गई। इसके बाद सद्गुरु मां के सानिध्य में पावन समाधि पर श्रद्धाभाव से चादर अर्पित की गई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अपराह्न सत्र में आयोजित भजन संध्या में सद्गुरु कबीर साहब के निर्गुण भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत भावनृत्य ने सभी का मन मोह लिया। सद्गुरु मां ज्ञान ने कहा कि गुरुभक्ति अमृत फल देने वाली होती है। गुरुकृपा से ही जीवन सफल बनता है। उन्होंने कहा कि सुख-दुख जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में धैर्य और सकारात्मक सोच ही सबसे बड़ा सहारा है। चिंता से नहीं, बल्कि शुभ कर्म से जीवन में बदलाव आता है। बताया गया कि माघ शुक्ल तृतीया 21 जनवरी को परम पूज्य सरकार प्रभु जी का महापरिनिर्वाण दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा, जिसमें कई धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *