भास्कर न्यूज | गिरिडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवरी के मीटिंग हॉल में एमडीए 2026 (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन / सामूहिक दवा वितरण अभियान) के सफल संचालन को लेकर दवा वितरक कर्मियों (डीए) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 10-25 फरवरी तक चलाया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 80 डीए कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. देवव्रत ने की, जबकि डॉ. दिनेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में क्षेत्र की सभी सहिया एवं सहिया साथी शामिल हुईं, जिन्हें अभियान से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण सत्र के दौरान बीटीटी अजय कुमार, एमटीएस संतराज तथा पिरामल फाउंडेशन से राघवेन्द्र कुमार ने एमडीए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। दवा सेवन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं, उनके समाधान, फैमिली रजिस्टर संधारण, माइक्रोप्लान तैयार करने, वॉल राइटिंग तथा घर-घर जाकर दवा वितरण की प्रक्रिया को पीपीटी के माध्यम से प्रोजेक्टर पर विस्तार से समझाया गया। सभी डीए कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अभी से जन-जागरूकता अभियान प्रारंभ करें, ताकि अधिक से अधिक लोग दवा का सेवन सुनिश्चित रूप से कर सकें।


