भास्कर न्यूज | अमृतसर डी-फार्मेसी के स्टूडेंट सत्यम आत्महत्या के मामले में सदर पुलिस ने चोरी की झूठी शिकायत देने वाले मालिक के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। आरोपी की पहचान साहिल शर्मा निवासी डी-ब्लॉक रणजीत एवेन्यू के रूप में हुई है। मगर पुलिस ने आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं डाली है। वहीं मंगलवार देर शाम को शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने परिवार को सौंपा। मृतक सत्यम के पिता विनय सिंह मंगलवार शाम को बिहार से वापस सिटी में पहुंचे। इसीलिए बुधवार को अंतिम संस्कार होगा। मृतक के चाचा सूरज ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। मगर अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसएचओ सदर किरनदीप सिंह ने बताया कि परिजन का बयान दर्ज करने के बाद आरोपी साहिल के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। शव के पास से कोई सुसाइड नोटिस नहीं मिला था। मोबाइल की जांच में आगे का खुलासा होगा। मोबाइल का लॉक खुलवा रहे हैं। उसमें सत्यम ने कोई वीडियो बनाई की नहीं लॉक खुलने के बाद ही पता चलेगा। कॉल डिटेल की भी जांच की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर वाल्मीक समाज और सत्यम के परिजनों ने थाना मजीठा रोड पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंगलवार शाम 7बजे से लेकर 8 बजे तक किया गया। सदर प्रभारी ने उन्हें आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जिसके बाद धरना उठाया गया।


