ढाई साल बिना सैलरी काम करवाया, नंबरदार 50 हजार रिश्वत लेते पकड़ा

लुधियाना | नगर निगम में सरकारी नौकरी दिलवाने के बदले रिश्वत लेने के मामले में विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को नगर निगम में तैनात सीवरमैन (नंबरदार) बहादुर सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारी ने बताया कि यह गिरफ्तारी लुधियाना के फोकल पॉइंट के गांव जमालपुर अवाना के एक निवासी द्वारा मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी सीवरमैन ने शिकायतकर्ता को नगर निगम में सीवरमैन के तौर पर नौकरी दिलाने के बदले तीन किश्तों में 1,50,000 रुपये की रिश्वत ली थी। मामले में शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा रिश्वत की रकम लेते समय का वीडियो रिकॉर्ड किया था। आरोपी बहादुर सिंह ने शिकायतकर्ता से ढाई साल तक सीवरेज की सफाई का काम भी करवाया, लेकिन उसे उस काम के लिए कोई सैलरी नहीं दी गई। मंगलवार को टीम जब रेड पर गई तो आरोप सही पाए गए। इस संबंध में, आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन लुधियाना रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि अगर जांच के दौरान नगर निगम लुधियाना के किसी अन्य अधिकारी का नाम रिश्वत लेने के मामले में आया तो उस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *