लुधियाना| भाई लालो लोक मंच से जुड़े मनरेगा अधिकार आंदोलन पंजाब ने मंगलवार को विकसित भारत जी राम जी बिल के विरोध में पंजाबी भवन में रैली आयोजित की। रैली के बाद कार्यकर्ता रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के आवास में ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में डीसी आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मांग पत्र प्राप्त किया। मंच के कन्वीनर तरसेम जोधा ने कहा कि नए बिल के जरिए मोदी सरकार ने मनरेगा जैसे मजदूरों और आम लोगों के हित में बने मजबूत कानून को कमजोर किया है और सिर्फ नाम बदल दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जी राम जी एक्ट लागू होने से ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं के अधिकार छीने जाएंगे तथा काम कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम के जरिए कॉरपोरेट्स को सौंपा जाएगा। किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकार छीनकर संघीय ढांचे को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि भारी कर्ज में डूबी राज्य सरकारों के लिए इस कानून को लागू करना मुश्किल होगा।


